पीजी कॉलेज को जाने वाले गधेरे ने लोगों ने कूड़ा फेंकने का अड्डा बना दिया है। गधेरे के दोनों ओर से इस कदर कूड़ा डाला गया है कि वहां से पैदल जाना ही कठिन हो गया है।
कूड़े से यहां प्राचीन जलस्रोत पर भी खतरा मंडराने लगा है। इसी गधेरे से एक पब्लिक स्कूल लगा है जबकि आसपास घनी आबादी है। यह क्षेत्र ग्राम पंचायत कठायतबाड़ा में आता है। यहां कूड़ा फेंकने के लिए स्थान निर्धारित नहीं है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से कूड़ा निस्तारण की ठोस व्यवस्था कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कूर्मांचल केसरी बद्री दत्त पांडेेेे राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गेट से लेकर सरयू तक भतरौला नाला कूड़ा, गंदगी से पटा पड़ा है। ग्रामीणों के अलावा आसपास के लोग, व्यापारी घरों, दुकानों का कूड़ा इसी नाले में डालते हैं। गधेरे में गंदगी बजबजा रही है।
उसमें से उठ रही बदबू से वहां निकलना दूभर हो गया है। धारे में पहले पानी भरनेेेे वालों की भीड़ रहती थी। अब गंदगी की भरमार के कारण लोगों का पानी भरना तो दूर राह चलते लोग पानी पीने से भी कतरा रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से कूड़े के लिए पर्याप्त मात्रा में कूड़ेदान रखने और उसके निस्तारण की ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।