बागेश्वर। सीआरसी रर्वाइंखाल के राजकीय जूनियर हाईस्कूल बमराड़ी में आयोजित दो दिवसीय संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बखूबी से अपनी प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिता में राजकीय जूनियर हाईस्कूल बमराड़ी 230 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन रहा। राजकीय जूनियर हाईस्कूल कमेड़ी 190 अंकों के साथ द्वितीय तथा राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बहूली 145 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा अंताक्षरी प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बहूली, जूनियर वर्ग में राजकीय जूनियर हाईस्कूल खबडोली, मानचित्र प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय रवॉईखाल तथा जूनियर वर्ग में राजकीय जूनियर हाईस्कूल कमेड़ी ने बाजी मारी।
लोक नृत्य प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय रवाईंखाल, जूनियर वर्ग में राजकीय जूनियर हाईस्कूल बमराड़ी प्रथम स्थान पर रहे। ओवरऑल चैंपियन रहे जूनियर हाईस्कूल बमराड़ी को शील्ड प्रदान की गई। अन्य अव्वल प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। समापन में संयोजक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मान सिंह कोरंगा ने कहा कि छात्र- छात्राओं को पढ़ाई के साथ ही खेलों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर दिवान सिंह धामी, गोवर्धन उप्रेती, नंदा बल्लभ जोशी, सोहन पंत, पुष्पा मर्तोलिया, जानकी भट्ट, अनीता रावत आदि उपस्थित थे। संचालन प्रकाश ऐठानी ने किया।