पिंडारी मार्ग के चौड़ीकरण के काम पर लगी जेसीबी मशीन से कपकोट तहसील क्षेत्र की आप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) कट गई। ओएफसी कटने के कारण क्षेत्र की संचार सेवा ठप है। मोबाइल, टेलीफोन सुन्न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्हें सुदूरवर्ती क्षेत्रों को बात करने के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। इसमें उनका काफी समय, पैसा बर्बाद हो रहा है। लोगों ने बीएसएनएल के इंजीनियराें से संचार सेवा शीघ्र बहाल करने की मांग की है। इन दिनों पिंडारी मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
रविवार की शाम किमी आठ के झटक्वाली के पास जेसीबी मशीन से भूमिगत ओएफसी कट गई। जिससे कपकोट तहसील क्षेत्र की संचार सेवा ठप हो गई। संचार सेवा बाधित रहने से जहां पीसीओ, साइबर कैफे पर ताले लटके हैं, वहीं इंटरनेट सेवा बाधित हो गई है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुदूरवर्ती क्षेत्रों को बात करने के लिए लोगों को जिला मुख्यालय आना पड़ रहा है। इसमें उनका काफी समय, पैसा बर्बाद हो रहा है। लोगों ने बीएसएनएल के इंजीनियरों से तत्काल केबल जोड़ने की मांग की है।
इधर बीएसएनएल के जेटीओ सरफराज खान ने बताया कि केबल जोड़ने के लिए टीम लगी हुई है। शीघ्र ही संचार सेवा बहाल हो जाएगी।