जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल के निर्देश पर कांडा के तहसीलदार दया चंद्र टम्टा ने खड़िया खदान स्थल गणुवा सरमौली का निरीक्षण किया। उनके साथ वन क्षेत्राधिकारी विद्या दत्त जोशी, कानूनगो अर्जुन लाल टम्टा और बांसतोली के पटवारी भी थे। तहसीलदार ने खदान क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने खान मालिक से उपजाऊ भूमि और रास्तों की सुरक्षा किए बगैर जेसीबी मशीन किसी भी हालत में नहीं चलाने के निर्देश दिए।
मालूम हो कि जग जननी ग्राम विकास समिति ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में गणुवा सरमौली में खड़िया खदान में अनियमितता होने, मानकों की अनदेखी करने और अवैध खनन होने का आरोप लगाया था। बेतरीब खनन से गांव की पेयजल लाइन, पैदल रास्ते और बिजली के पोल प्रभावित होने की शिकायत की थी।
डीएम ने कांडा के तहसीलदार को मौका मुआयना करके शीघ्र जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे। कांडा के तहसीलदार टम्टा दल बल के साथ खदान स्थल पर गए। उन्होंने लीज स्थल का नक्शे से मिलान किया। तहसीलदार ने बताया कि खान मालिक को उपजाऊ भूमि की सुरक्षा के लिए दीवार बनाने और खनन में मानकों को पूरा पालन के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार ने कहा कि सुरक्षा दीवार नहीं बनने तक जेसीबी मशीन नहीं चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वह शीघ्र ही जांच रिपोट जिलाधिकारी को सौंप देंगे।