कपकोट के सरमूल से सरयू जल लेकर बागनाथ मंदिर में जलाभिषेक को आते श्रद्धालु।
बागेश्वर/बागेश्वर। सरयू नदी के उद्गम स्थल से श्रद्धालुओं का दल जल लेकर बाबा बागनाथ के दर पहुंचा। श्रद्धालुओं ने बागनाथ मंदिर में विश्व सुख और शांति की कामना के साथ शिव का जलाभिषेक किया।
बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं का दल भद्रतुंगा से सरमूल जल लेने रवाना हुआ और रात को जल लेकर भद्रतुंगा पहुंचा। शुक्रवार की सुबह महंत देवानंद दास के नेतृत्व में श्रद्धालु बागेश्वर के लिए रवाना हुए। भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु सौंग, मुनार, भराड़ी होते हुए कपकोट पहुंचे। कपकोट के शिवालय में जलाभिषेक के बाद दल आगे को रवाना हुआ। हरसीला के शिव मंदिर में शिव को जल अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं का दल बागनाथ मंदिर पहुंचा और अभिषेक किया।
सरमूल, सहस्त्रधारा, भद्रतुंगा विकास समिति के सलाहकार दयाल सिंह कुमल्टा ने बताया कि हर साल सावन में सरमूल का जल लेकर श्रद्धालु बागनाथ मंदिर आते हैं। दल में समिति के अध्यक्ष भगवत सिंह कोरंगा, भीम सिंह दानू, गोमती देवी, गुड्डू पाठक, नवनीत कोरंगा आदि थे।