बागेश्वर डिग्री कॉलेज में खेल महाकुंभ में खिलाड़ी को पुरस्कृत करते डीएम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। युवा कल्याण, शिक्षा और खेल विभाग की ओर से डिग्री कॉलेज बागेश्वर में खेल महाकुंभ के तहत अंडर-19 बालक-बालिकाओं की एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सौ मीटर दौड़ के बालक वर्ग में जगदीश आर्या को पहला स्थान मिला। वहीं बालिका वर्ग में ममता उपाध्याय ने बाजी मारी।
बालक वर्ग में दूसरे और तीसरे स्थान पर राजेंद्र सिंह और तेजेंद्र गढ़िया ने जगह बनाई। बालिका वर्ग में जुबेदा खान और पिंकी कनवाल दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। चार सौ मीटर दौड़ के बालक वर्ग में ललित गढ़िया, उमेश गरुड़ और गोकुल खेतवाल ने पदक हासिल किए। बालिका वर्ग में पिंकी कनवाल, ललिता बिष्ट और मनीषा मेहता जीतीं। आठ सौ मीटर दौड़ के बालक वर्ग में यशपाल सिंह, उमेश सिंह और दीपक गढ़िया व बालिका वर्ग में सुहानी, ललिता बिष्ट और पूनम गढ़िया पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। पंद्रह सौ मीटर के बालक वर्ग में उमेश गढ़िया , ललित गढ़िया और ललित असवाल जीते। बालिका वर्ग में खिला, पूनम और प्रेमा बिष्ट ने पदक झटके। डीएम विनीत कुमार ने खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर सफल रहने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। प्रथम स्थान पर रहे प्रतिभागी को सात सौ, द्वितीय को पांच सौ, तृतीय को तीन सौ रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर सीईओ पदमेंद्र सकलानी, जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद वल्दिया, युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हेमा परिहार, जिला खेल समन्वयक कुंदन सिंह कालाकोटी आदि थे।