आईटीआई कमेड़ी का निरीक्षण करते सीडीओ
- फोटो : amar ujala
मुख्य विकास अधिकारी एसएसएस पांगती ने बागेश्वर ब्लॉक के कमेड़ी में स्थापित आईटीआई और डेरी विकास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आईटीआई में सोलर पावर प्लांट और वाटर हीटर खराब स्थिति में पाए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आईटीआई में कंप्यूटर, फीटर, इलेक्ट्रीशियन के ट्रेड संचालित हैं। संस्थान में छह प्रशिक्षक कार्यरत पाए गए। बताया गया कि तृतीय श्रेणी के दो कार्मिक स्थानांतरित हो चुके हैं। इनके स्थान पर प्रतिस्थानी की तैनाती नहीं होने से पद रिक्त हैं। सीडीओ ने पॉवर प्लांट को ठीक करने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को जरूरी निर्देश दिए। डेरी विकास में चिलिंग प्लांट और स्टॉक टैंक खराब स्थिति में मिले। स्थापित करने के बाद से इनको उपयोग में नहीं लाया गया है। जेनरेटर भी खराब हाल में मिला। टेस्टिंग रूम का निरीक्षण करने पर फर्श की हालत खराब मिली। स्टोर रूम में खराब सामान अस्त-व्यस्त हालत में मिला। उन्होंने महिला डेरी का निरीक्षण भी किया। मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक निदेशक दुग्ध को चिलिंग प्लांट को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल आदि मौजूद थे।