उत्तराखंड परिषदीय परीक्षाओं में बागेश्वर जनपद के छात्र-छात्राओं ने कमाल कर दिया। शिक्षा का हब कहे जाने वाले नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, हरिद्वार और देहरादून जैसे जिलों को पछाड़ते हुए बागेश्वर जिले ने इंटरमीडिएट में 86.5 प्रतिशत अंकों के साथ सबसे अच्छा रिजल्ट देकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जबकि 79.56 प्रतिशत के साथ हाईस्कूल में जिला तीसरे स्थान पर रहा है।
बागेश्वर जनपद के हाईस्कूल और इंटर कालेज शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। जनपद के हाल के वर्षों में उच्चीकृत अधिकांश इंटर कालेजों में एक भी प्रवक्ता नहीं है। दुर्गम के स्कूलों में साइंस विषयों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इसके बावजूद इंटरमीडिएट में पूरे प्रदेश में बेहतर रिजल्ट देकर पहले पायदान पर स्थान बनाना कम बड़ी उपलब्धि नहीं है।
परिषदीय परीक्षाओं के इंटर में इस साल जनपद में 4362 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इनमें से 3776 छात्र-छात्रा पास हुए। 587 ने फर्स्ट डिवीजन प्राप्त की है। इनमें 228 छात्र और 359 छात्राएं हैं। छात्रों का प्रतिशत 83.07 प्रतिशत और छात्राओं का प्रतिशत 90.3 प्रतिशत रहा। 86.5 प्रतिशत रिजल्ट पिछले वर्ष की तुलना में दो प्रतिशत अधिक है।
पिछले वर्ष इंटर में जिले का रिजल्ट 84.62 प्रतिशत रहा। हालांकि हाईस्कूल में पिछले वर्ष की तुलना में एक प्रतिशत की कमी आई बावजूद इसके हाईस्कूल में भी जिले को तीसरा स्थान मिला है। बागेश्वर के मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य इस उपलब्धि से बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि छात्रों और शिक्षकों की मेहनत से जिले को यह उपलब्धि मिली है।