बागेश्वर में डीएम को ज्ञापन देते तिलसारी के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय इंटर कालेज तिलसारी का खस्ताहाल भवन दुर्घटना को दे रहा है। ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी रंजना से मुलाकात कर उन्हें शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने भवन की हालत शीघ्र नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी को दिए इस ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि 1966-67 में निर्मित राइंका तिलसारी के भवन अब काफी जर्जर हो चुके हैं।
विद्यालय में 250 बच्चे पंजीकृत हैं। भवनों के जीर्णोद्धार के लिए अब तक विभिन्न माध्यमों से मांग कर दी गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। भवनों का शीघ्र नवनिर्माण नहीं होने पर उनके कभी भी भरभराकर गिरने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने भवनों का शीघ्र पुनर्निर्माण नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
ज्ञापन देने वालों में महेश पांडे, नवीन पिरसाली, महेश भट्ट, जगदीश पांडे, मदन भट्ट, हरीश पांडे, रमेश कैड़ा, दीपक देवराड़ी और पूरन गोस्वामी आदि शामिल थे।