बागेश्वर। होली मनाने के बाद अब तक कार्यालय नहीं लौटना और देरी से आना अधिकारियों-कर्मचारियों को भारी पड़ गया। सीडीओ आरसी तिवारी ने जिले के 30 विभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 35 अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले। दो अधिकारी देरी से पहुंचे। सभी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को निरीक्षण के बाद सीडीओ तिवारी ने बताया कि यूपीसीएल और लघु सिंचाई के निरीक्षण के दौरान विभागों के ईई ही गैर हाजिर मिले। युवा कल्याण अधिकारी और सिंचाई विभाग के ईई देरी से कार्यालय पहुंचे। जीआईएस सैल, पशुपालन, जल संस्थान, सीईओ कार्यालय और डीईओ कार्यालय में एक-एक कर्मचारी अनुपस्थित मिले। बहुउद्देशीय वित्त, कृषि, मत्स्य, सिंचाई उपखंड, सिंचाई खंड और समग्र शिक्षा में दो-दो कार्मिक गैर हाजिर थे। लोनिवि में आठ, लघु सिंचाई में छह और पीएमजीएसवाई में तीन कर्मचारी उपस्थित नहीं थे। हालांकि यूपीसीएल के ईई ने बताया कि वह डीएम की बैठक में गए थे जो पूर्वनिर्धारित थी। सीडीओ तिवारी ने बताया कि बैठक से पूर्व ही कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जो भी गैर हाजिर मिले, उनका वेतन स्पष्ट और संतोषजनक स्पष्टीकरण मिलने पर ही आहरित करने के निर्देश जारी किए जाएंगे।