डीएम ने अधिकारियों के साथ की जिला स्तरीय टास्कफोर्स की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जिला सभागार में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिला स्तरीय टास्कफोर्स की बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को बाल विवाह रोकने, छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य-सुरक्षा के प्रबंध करने, भ्रूण हत्या और लिंग भेद को समाप्त करने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीएम ने शिक्षा विभाग को ड्रॉप आउट छात्राओं को चिन्हित कर स्कूल में प्रवेश के लिए प्रोत्साहित करने, बालिकाओं को शिक्षा के लिए समान अवसर देने, शिक्षा के साथ खेल और अन्य प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को बालिकाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने, नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग को बालिकाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए कार्रवाई करने, दोषियों को दंडित करने, लिंग भेद और भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीएमओ डॉ. आदित्य कुमार तिवारी, सीईओ जीएस सौन, डीपीओ डॉ. मंजुलता यादव आदि मौजूद रहे।