अधिकारियों की बैठक लेती डीएम रंजना।
- फोटो : amar ujala
कौसानी में प्रकाश, पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता सहित विभिन्न सुविधाओं को लेकर डीएम रंजना ने अधिकारियों की बैठक ली। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए डीएम ने ईई विद्युत को कौसानी के मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था के लिए एसडीएम, जिला पंचायत के अधिकारियों के साथ संयुक्त भ्रमण कर स्थलों का चिन्हीकरण करने को कहा। उन्होंने उरेडा को भी सोलर लाइट के माध्यम से कौसानी में प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
कौसानी में पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जल संस्थान के ईई को निर्देशित किया। सफाई के लिए जिला पंचायत और ग्राम प्रधान कौसानी के माध्यम से जगह-जगह कूड़ेदान स्थापित करने को कहा। डीएम ने स्वजल को स्वच्छ कौसानी संबंधी डिस्पले बोर्ड मुख्य बाजार में स्थापित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम गरुड़ को व्यापार संघ के साथ बैठक कर कूड़ा निस्तारण का हल निकालने को कहा। लोनिवि को कौसानी शहर के मोटर मार्गों पर साफ-सफाई, झाड़ियों का कटान, पैरापिट निर्माण और साइनेज के निर्देश दिए। पंत संग्रहालय के सुदृढ़ीकरण के संबंध में चर्चा करते हुए पर्यटन विभाग को संस्कृति विभाग को पत्र जारी करने, वाहन पार्किंग के संबंध में उन्होंने वन विभाग को चयनित स्थान के भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही के निर्देश दिए।
सुलभ शौचालयों के संबंध में सुलभ इंटरनेशनल को पूर्व में बने सुलभ शौचालय के विस्तारीकरण के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को पर्यटन सीजन के समय स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की तैनाती सहित दवाओं की उपलब्धता बनाने को कहा। बैठक में एडीएम राहुल गोयल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।