बागेश्वर। दीपावली पर्व के समीप आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। जिले में तीन दिनों से खाद्य प्रतिष्ठानों का खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत औचक निरीक्षण किया जा रहा है। संदिग्ध लगने वाले खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच को भेजे जा रहे हैं। व्यापारियों को गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ बिक्री करने को जागरूक भी किया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र में स्थित मॉल के अलावा कपकोट, भराड़ी और शामा में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और बाहरी जिले से आ रहे वाहनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संदेह के आधार पर कीवी फल से बने जूस के तीन, अचार के दो, मसालों के तीन सैंपल लिए गए। मिठाई के दो और ड्राई फ्रूट का एक नमूना लिया गया।
अभिहित अधिकारी ललित मोहन पांडेय ने बताया कि सभी सैंपल को रुद्रपुर स्थित राजकीय खाद्य एवं औषधि विश्लेषण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार, भूपेंद्र सिंह देव, जीवन धौनी मौजूद रहे। संवाद