बागेश्वर। जंगलों को वनाग्नि से बचाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए वन विभाग ने जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।
ग्राम पंचायत सिमकुना में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में देहरादून से आई विशेषज्ञों की टीम ने सांस्कृतिक माध्यमों से ग्रामीणों को वनों की सुरक्षा और वन्यजीवों से बचाव के बारे में बताया। सोमवार को सिमकुना में आयोजित देहरादून से पहुंची नेचर्स बडी की छह सदस्यीय टीम मुख्य आकर्षण रही। टीम के सदस्यों ने गीतों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से वनाग्नि के दुष्परिणामों और वन्यजीवों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि वन हमारी अमूल्य संपदा है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस मौके पर रेंजर दीप चंद्र जोशी ने ग्रामीणों से वनाग्नि की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की।