बागेश्वर में बैठक लेतीं जिलाधिकारी रंजना राजगुरु। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए एकल खिड़की सुगमता जिला प्राधिकृत समिति गठित की गई है। सोमवार को डीएम रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में हुई इस समिति की बैठक में चार ऑनलाइन आवेदनों को स्वीकृति दी गई।
जीएम डीआईसी विमल चंद्र चौधरी ने बताया कि एकल खिड़की व्यवस्था के तहत जिले में उद्योग खोलने के लिए चार आवेदन पत्र ऑनलाइन पोर्टल पर मिले थे। चारों आवेदनों को उत्तराखंड पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अग्निशमन विभाग, यूपीसीएल, राजस्व विभाग ने सैद्धांतिक संस्तुति प्रदान की है। डीएम ने प्राप्त सभी आवेदनों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। डीएम ने उद्योग महाप्रबंधक और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग उद्यम एकल खिड़की व्यवस्था के तहत प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का परीक्षण अपने स्तर से कर प्रस्तावों पर अपनी सैद्धांतिक सहमति समय सीमा के भीतर दिलाएं। डीएम ने कहा कि यदि कोई प्रस्ताव मानक के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो उस पर अपनी टिप्पणी अनिवार्य रूप से भेजें। कोरोना के कारण घर लौटे जो लोग स्वरोजगार करना चाहते हैं, उन्हें स्वरोजगारपरक सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाए। बैठक में सीडीओ डीडी पंत, एडीएम राहुल कुमार गोयल, सीएमओ डॉ. बीएस रावत, सीओ संगीता, जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल आदि थे।