कम दृश्यता के चलते उड़ान रद्द, हेलीपैड पहुंचे यात्रियों की हुई फजीहत
संवाद न्यूज एजेंसी
गरुड़ (बागेश्वर)। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का सीधा असर अब हवाई सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। बुधवार को जिले में कम दृश्यता के कारण देहरादून-बागेश्वर और हल्द्वानी-बागेश्वर की हेली सेवाओं को रद्द करना पड़ा। अचानक उड़ानें निरस्त होने से हवाई यात्रा की उम्मीद लगाए बैठे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा और उन्हें हेलीपैड से बैरंग लौटना पड़ा।
मेलाडुंगरी हेलीपैड से देहरादून और हल्द्वानी के लिए प्रतिदिन दो-दो उड़ानों का संचालन होता है जिसके जरिए आपातकालीन और समय की बचत करने वाले यात्री सफर करते हैं। नियमित समय सारणी के अनुसार हल्द्वानी से बागेश्वर के लिए पहली उड़ान सुबह 08:50 बजे और दूसरी दोपहर 02:45 बजे पहुंचती है।
देहरादून से पहला हेलीकॉप्टर सुबह 10:50 बजे और दूसरी उड़ान दोपहर 01:30 बजे पहुंचती है। बुधवार को निर्धारित समय पर यात्रा के लिए कई मुसाफिर हेलीपैड पर पहुंच गए थे लेकिन कोहरे के चलते उन्हें मायूस लौटना पड़ा।
हेली सेवा के संचालन और तकनीकी प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कोहरे के कारण विजिबिलिटी न्यूनतम स्तर पर पहुंचने की वजह से यात्रियों की सुरक्षा के लिए उड़ानों को स्थगित करने का फैसला लिया गया। मौसम सामान्य होने पर हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन सुचारू कर दिया जाएगा। तब तक यात्रियों से मौसम के मिजाज को देखते हुए ही अपनी यात्रा प्लान करने की अपील की गई है।