बागेश्वर। जीआईसी भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की नृशंस हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दिवंगत प्रधानाचार्य का रविवार को सरयू-गोमती संगम पर स्थित श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए। मुखाग्नि उनके पुत्र प्रियांशु कुमार ने दी।
बीते शनिवार को विद्यालय में ही तैनात वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी ने प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। क्षेत्राधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि रविवार को आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया है।
सरल स्वभाव के थे टम्टा, हत्या से हर कोई स्तब्ध
एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार टम्टा ने इस जघन्य हत्याकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, इस हृदयविदारक घटना से केवल दिवंगत टम्टा का परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा क्षेत्र मर्माहत है। सीधा और बेहद सरल स्वभाव ही दयानंद टम्टा की मुख्य पहचान थी। उनके जैसे नेक इंसान के साथ ऐसी क्रूर घटना होना बेहद दुखद है। शिक्षक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए।
अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब
रविवार को दिवंगत प्रभारी प्रधानाचार्य के आवास से जैसे ही उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। उन्हें श्रद्धांजलि देने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तमाम राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्रों के लोग पहुंचे।
इस दौरान दायित्वधारी शिव सिंह बिष्ट, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र टंगड़िया, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) आसाराम चौधरी, प्रधानाचार्य दीपचंद्र जोशी, सज्जन लाल टम्टा, नवल किशोर टम्टा, दीप प्रकाश, सुधीर कुमार, गोपाल दत्त पंत और गोपाल मेहता सहित भारी संख्या में शिक्षक व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
हत्यारोपी को सख्त सजा देने की उठाई मांग
अल्मोड़ा। उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन ने राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की निर्मम हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है। संगठन के पदाधिकारियों ने हत्याकांड के आरोपी को कठोर सजा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
संगठन अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार जोशी ने कहा कि समय पर विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्रों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। प्रत्येक विद्यालय में अधिकारियों का मासिक दौरा अनिवार्य करने की मांग की। सचिव धीरेंद्र कुमार पाठक ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच विभाग और शासन स्तर से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और छात्रों की सुरक्षा में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिगंबर फुलोरिया, उपाध्यक्ष महेश आर्या, संयुक्त मंत्री डीके जोशी, राजेंद्र लटवाल, गणेश भंडारी, दीपक तिवारी, तारा सिंह बिष्ट, भगवत सतवाल, संजय जोशी, दीप शिखा मेलकन्या, पीएस बोरा, गणेश भंडारी रहे।