वेतन व देयकों का समय पर भुगतान न होने से कपकोट विकासखंड में कार्यरत प्राथमिक शिक्षक भड़क गए हैं। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शिक्षक संघ के मंत्री राजू देव ने बताया कि विकासखंड कपकोट के शिक्षकों को अभी तक अप्रैल का वेतन नहीं मिला है। ब्लाक के स्कूलों में नव नियुक्त शिक्षकों को दिसंबर 2015 से और फरवरी 2016 में नियुक्त शिक्षकों व एसएसए के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों को मार्च से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने कहा है कि प्राथमिक शिक्षकों को देयकों से संबंधित एरियर, बोनस, पूर्व से अवशेष बिलों का भुगतान और लंबे समय से वेतन रुके शिक्षकों के प्रकरण स्पष्ट नहीं किए गए हैं। कपकोट ब्लाक के प्राथमिक शिक्षकों के सर्विस बुक, जीपीएफ पासबुकों में लंबे समय से अंकना नहीं की गई है। उनका आरोप है कि इन मामलों को लेकर कई बार उप शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन एक भी समस्या का अभी तक समाधान नहीं किया गया है। ब्लाक मंत्री ने शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही समय पर वेतन आहरण की व्यवस्था नहीं बनाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।