राजकीय शिक्षक संघ की जिला इकाई की बैठक में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को गत तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर तीव्र रोष व्यक्त किया गया। बैठक में शिक्षकाें को वेतन और संघ की लंबित अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई।
जिलाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रमसा के तहत संचालित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को गत तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन के बगैर उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार की सारी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। शिक्षकों को मानसिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। वेतन के लिए कई बार मांग कर दी गई है। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
विद्यालयों में कोटिकरण की विषमता पर भी नाराजी व्यक्त की गई। संगठन के दूसरे विस्तार में सीमा ममगई को उपाध्यक्ष, डा. पिंकी पांडे को जिला संयुक्त मंत्री जबकि सक्रिय सदस्य के रूप में डा. राजीव जोशी, कैलाश प्रकाश चंदोला, दीप चंद्र पांडे, ब्रज किशोर वर्मा, भैरव दत्त उपाध्याय को मनोनीत किया गया। बैठक का संचालन जिला मंत्री विजय गोस्वामी ने किया। वहां प्रदीप जोशी, भुवन चंद्र जोशी, आलोक पांडे, मोहन सिंह धामी, गिरीश पांडे, गोपाल दत्त पंत, शिव चरण राजपूत, महिपाल डसीला, भीम सिंह कोरंगा, राजीव निगम और कैलाश जोशी आदि थे।