संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे बजाने के मामले में पुलिस सख्त हो गई है। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने डीजे संंचालकों के साथ बैठक कर बुकिंग के समय ग्राहकों से शपथ पत्र लेने को कहा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में बोर्ड परीक्षा के दौरान देर रात तक डीजे के शोर से छात्र परेशान शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर छपने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। शनिवार को कोतवाल उपाध्याय ने नगर के सभी टैंट और डीजे संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि रात को 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है।
उन्होंने डीजे संचालकों से सभी ग्राहकों से अनिवार्य रूप से रात 10 बजे तक ही डीजे बजाने या ध्वनि विस्तारक उपकरणों के प्रयोग करने का शपथ पत्र लिखवाने को कहा। संचालकों ने भी पुलिस को नियमों का पूर्णत: पालन करने का आश्वासन दिया है।