बागेश्वर। नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक में नगर के विकास के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने नगर में चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय में हर हाल में पूरा करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय तक कार्य पूरा नहीं होने पर ठेकेदार के खिलाफ पेनाल्टी लगाने के साथ-साथ उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को पालिकाध्यक्ष खेतवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वकर की विसंगतियों को दूर करने पर चर्चा हुई। अलग-अलग स्लैब में घर और व्यावसायिक भवनों के कर निर्धारण का निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नगर में नालों को कवर कर छोटे वाहनों के लिए पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। नए चिह्नित स्थलों पर दुकानों का निर्माण करने, मंडलसेरा पीपल चौक सड़क की पाइप लाइन शिफ्टिंग के लिए जल संस्थान को राशि हस्तांतरित करने का भी निर्णय लिया गया। हर वार्ड में घर-घर और प्रतिष्ठानों के लिए कूड़ेदान वितरित करने, वन्य जीवों के खतरे को देखते हुए प्रत्येक वार्ड में सोलर लाइट लगवाने का प्रस्ताव पारित किया गया। सभी वार्डों के जनमिलन केंद्र और पंचायत घरों का जीर्णोद्धार करने, नगर में अतिक्रमण पर कार्रवाई करने, सफाई व्यवस्था को अधिक मजबूत करने, वार्डों में जरूरत के अनुसार पेयजल व्यवस्था के लिए नई योजनाएं बनाने के प्रस्ताव भी पारित किए गए। बैठक का संचालन ईओ विनोद सिंह जीना ने किया। इस मौके पर सभासद प्रेम सिंह हरड़िया, ललित मोहन तिवारी, विक्की सुयाल, नवीन रावल, नीमा जोशी, ज्योति पूना आदि मौजूद रहे।