भराड़ी में मूर्तियों की शोभायात्रा निकालते लोग
- फोटो : amar ujala
जिले में विषुवत संक्रांति का त्यौहार धूमधाम मनाया गया। श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों और सरोवरों में जौं की बाली को अपने शरीर में लगाकर स्नान किया। नगर के पौराणिक बागनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगा रहा। उधर, नगर पंचायत कपकोट के बाराही देवी के मंदिर में देवी, हनुमान और कालभैरव की मूर्तियां वैदिक मंत्रों के साथ स्थापित की गई। महिलाओं ने गाजे बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली।
इससे पहले श्रद्धालु गाजे के साथ मूर्तियों को सरयू स्नान के लिए ले गए। पूजन और सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने तांबे के कलशों में जल भरकर कलश यात्रा निकाली। मां के जयकारे के साथ मूर्तियों की शोभायात्रा मंदिर पहुंची। पं. चंद्रशेखर जोशी और गिरीश चंद्र मिश्र ने वैदिक मंत्रों से मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की। वहां पर जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, विधायक बलवंत भौर्याल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष दयाल ऐठानी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, प्रधान पुजारी माधो सिंह आदि थे।