गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के दुर्गम इड़िया गांव के लोगों के लिए अच्छी खबर है। ग्रामीणों की लंबे समय से चली हा रही मांग जल्द पूरी होने जा रही है। गांव के लिए स्वीकृत चरना-मनाखेत-कुलसारी-इड़िय सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
इडिया गांव के लिए सड़क नहीं होने से लोगों को पांच-छह किमी की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। सड़क नहीं होने के आए दिन लोग परेशानी का सामना करते हैं। हालांकि अब पीएमजीएसवाई ने गांव के लिए सड़क निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। गांव के लिए स्वीकृत छह किमी सड़क का निर्माण 10.50 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। सड़क बनने के बाद गांव की 550 की आबादी समेत क्षेत्र के अन्य गांवों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता गिरीश चंद्र चौबे ने बताया कि गांव के लिए बन रही सड़क स्याली-घेटी-कुलाऊं मोटर मार्ग से बनाई जाएगी। सड़क की निविदा प्रक्रिया गतिमान है। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। एक साल में ग्रामीणों को सड़क की सौगात मिल जाएगी। संवाद