बागेश्वर। कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को जिला कार्यालय समेत कई विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने खनिज फाउंडेशन न्यास से जनता की मांग के अनुसार राशि आवंटन कर जिला प्राधिकरण में नियमित अभियंता की तैनाती करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त रावत ने न्यायालय, प्राधिकरण, खनन, सीआरए, रिकॉर्ड रूम, आबकारी, आपदा प्रबंधन आदि कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राधिकरण के सभी कार्य ऑनलाइन होने की सराहना की। इसके आवेदन पत्रों का निरीक्षण कर डीएम को लंबित मामलों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एडीएम को कोर्ट की तारीख को पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के लिए कहा। खनन आरसी, नए खनन लीज पट्टों के निरीक्षण कर लंबित खनन आरसी की वसूली करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अमीन क्षेत्रवार राजस्व वसूली की जानकारी लेकर वसूली बढ़ाने के लिए कहा। एसडीआरएफ, आपदा न्यूनीकरण कार्यों की जानकारी लेकर आपदा उपकरणों और सूचना संबंधी पंजिका भी देखी। उन्होंने ग्लेशियरों की सैर पर जाने वाले पर्यटकों की नियमित सूचना रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम रीना जोशी, एडीएम सीएस इमलाल, एसडीएम हर गिरी, मोनिका, राजकुमार पांडेय आदि रहे।
पैदल भ्रमण कर लिया नगर का जायजा
बागेश्वर। मंडलायुक्त दीपक रावत ने मंगलवार सुबह पैदल भ्रमण कर नगर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था को पहले से बेहतर बताया। इस दौरान वह सरयू पुल से तहसील तक पैदल गए। उन्होंने बाजार में हुए विकास कार्य, पार्किंग आदि का भी निरीक्षण किया।