बागेश्वर में स्वास्थ्य जांच कराने को लाइन में खड़े बाहरी राज्यों से आए लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। रविवार रात और सोमवार को बाहरी प्रदेशों से नौ सौ से अधिक लोग बसों, टैक्सियों और निजी वाहनों से बागेश्वर पहुंचे। इन लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद होम क्वारंटीन और सुविधायुक्त क्वारंटीन के लिए भेजा गया।
रविवार रात बसों से गुरुग्राम, देहरादून और अन्य स्थानों से पहुंचे 536 लोगों का सोमवार सुबह बिलौना बस स्टेशन में डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य जांच की। विभिन्न बसों से 193 लोग गुरुग्राम, देहरादून से बागेश्वर पहुंचे। टैक्सियों और निजी वाहनों से भी विभिन्न स्थानों से दो सौ से अधिक लोग बागेश्वर लौटे। इन लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों की सलाह से इन लोगों को होम क्वारंटीन, सुविधायुक्त क्वारंटीन (स्कूल, पंचायत घर आदि) में भेजा गया।
पूर्ति विभाग बाहर से आने वाले लोगों को फूड पैकेट दिला रहा है। बिलौना बस अड्डे और बिलौना स्थित एक निजी स्कूल में बसों और बाहर से आने वाले यात्रियों को टिकाया जा रहा है, वहां अधिकारी, कर्मचारी दिन-रात ड्यूटी दे रहे हैं।
दो लोगों को आइसोलेशन में रखा, सैंपल भेजे
बागेश्वर। महानगर से लौटे दो लोगों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। दोनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रविवार को सूरत से लौटे सूपी के एक 45 वर्षीय व्यक्ति को बिलौना में जांच के बाद रविवार रात आइसोलेशन में रखा गया। जांच के दौरान उसमें में खांसी, जुकाम के लक्षण पाए गए, जबकि गुरुग्राम से लौटे गरुड़ के 25 वर्षीय युवक को होम क्वारंटीन किया गया था। युवक को सोमवार को जांच के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सांस लेने में दिक्कत के चलते युवक को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. वीके सक्सेना ने बताया कि दोनों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं।