बागेश्वर। जिले में हाली गायन की महफिल सजने लगी है। गांव-गांव में होली दल घर-घर जाकर खड़ी होली गायन कर रहे हैं। महिलाओं की टोली भी नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक होली गायन कर रही हैं। शुक्रवार को नगर की महिलाओं ने नगर पालिका परिसर में होली की महफिल सजाई।
महिला होल्यारों ने नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल और अन्य कर्मचारियों को अबीर गुलाल लगाया। महिलाओं ने कैलै बांधी चीर.., जल कैसे भरूं जमुना गहरी.. समेत कई होली गीतों का गायन किया। पारंपरिक गीत और नृत्य से मौजूद लोगों का मन मोहा। महिला होल्यारों ने खड़ी और बैठकी होली गीतों से समा बांधा।
नगर के मंडलसेरा, नदीगांव, सैंज, आदर्श कॉलोनी, कठायतबाड़ा, ठाकुरद्वारा, बिलौना समेत ग्रामीण अंचलों में भी महिला होली गायन की धूम है। बागेश्वर, कांडा, कपकोट, गरुड़, काफलीगैर, दुग नाकुरी तहसील क्षेत्रों के गांवों में भी महिला होल्यार गांवों और मोहल्लों में दल बनाकर घर-घर जाकर होली गायन कर रहे हैं।
बागेश्वर के रामलीला भवन में मची बैठकी होली की धूम
बागेश्वर। बागेश्वर में होली परवान चढ़ते ही बैठकी होली की भी धूम मचने लगी है। शुक्रवार रात को रामलीला भवन में शास्त्रीय रागों पर आधारित होली महफिल सजी। देर रात तक लोगों ने होली गीतों का लुत्फ उठाया।
बैठकी होली की शुरूआत नवीन लाल साह ने राग धमार से चंद्रवदनी खोलो द्वार तिहारे मनमोहन ठाड़े की तान छेड़कर की। पंकज पांडेय ने राग श्याम कल्याण मेें का विधि फाग रचाओ, मुरली नागिन सौं बंशिया नागिन सौं से महफिल में रंग जमाया। होली गायकी के फनकारों ने राग काफी, जंगला काफी, देश, जैजैवंती, विहाग, पीलू आदि में एक से बढ़कर एक होली गीतों की प्रस्तुति दी। होली गायकी के फनकार हेमंत साह, पूरन पालनी, कंचन साह, उमेश साह, कौशल उपाध्याय, नीरज उपाध्याय ने विभिन्न होली गीतों की प्रस्तुति देकर महफिल में रंग जमाया।