बागेश्वर में उत्तरायणी मेले के आयोजन को लेकर हुई बैठक में मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि। संवाद न?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। धार्मिक, पौराणिक और ऐतिहासिक उत्तरायणी मेला इस साल सादगी के साथ आयोजित होगा। मेले में केवल धार्मिक अनुष्ठान के साथ गंगा स्नान और जनेऊ संस्कार ही चिह्नित स्थानों पर किए जा सकेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम और व्यापारिक गतिविधियां नहीं होंगी। विकास प्रदर्शनी, स्टॉल आदि नहीं लगाए जाएंगे।
शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम विनीत कुमार ने नगरपालिका और नगर पंचायत को घाटों की सफाई और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मेले के अवसर पर मुख्य चौराहों/मार्गों पर स्थान चिह्नित कर लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के लिए कहा। उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डीडी पंत की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। डीएम ने पुलिस विभाग को शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहतर एक्शन प्लान तैयार करने को कहा।
बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, प्रभारी एडीएम राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम योगेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, पालिका के ईओ राजेदव जायसी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम शाही, वरिष्ठ नागरिक रणजीत सिंह बोरा, दलीप सिंह खेतवाल, गोविंद सिंह भंडारी, सभासद धीरेंद्र परिहार आदि मौजूद थे।