पश्चिम बंगाल की वीरभूमि में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा हनुमान जयंती के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की निंदा की गई। घटना से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ नारेेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि ममता राज में अब हिंदुत्व को खतरा हो गया है। हनुमान जयंती जैसे पवित्र पर्व पर श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज किया जाना सहन करने योग्य नहीं है। कहा कि पश्चिम बंगाल में बढ़ते अत्याचार से वहां हर कोई परेशान है। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार से लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को शीघ्र बर्खास्त करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में हिजामं युवा वाहिनी के अध्यक्ष रोहित पंत, जिला महामंत्री गौरव राणा, पंकज लोहनी, मुकेश चतुर्वेदी, नागेंद्र मनवाल, हर्षित नेगी, कपिल पांडे, सोनू गढ़िया, दिवस रावत, गौरव रौतेला, अंकित नगरकोटी आदि शामिल थे।