गरुड़ के हरिनगरी में पुलिस के वाहन से उतरकर अपने घर को जातीं बुजुर्ग महिला। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
गरुड़ (बागेश्वर)। बैजनाथ पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए पांच घंटे से पैदल चल रही एक बुजुर्ग महिला को वाहन से उसके घर तक छोड़ा। गरुड़ के हरिनगरी की बुजुर्ग महिला खष्टी देवी (60) कुछ दिन पूर्व अपने मायके कौसानी आई थीं। लॉकडाउन के कारण यह महिला अपने मायके नहीं लौट पा रही थीं। बृहस्पतिवार सुबह बुजुर्ग महिला ने पैदल ही अपने घर जाने का निर्णय ले लिया। कौसानी से हरिनगरी की दूरी 27 किमी थी। 27 किमी बुजुर्ग महिला का पैदल चलना बेहद कठिन था लेकिन इस बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाई और 15 किमी की दूरी तय कर बैजनाथ पहुंच गई। दोपहर करीब 12 बजे बैजनाथ में बुजुर्ग महिला को पैदल चलते देख बैजनाथ के थानाध्यक्ष कैलाश बिष्ट ने पूछताछ की तो बुजुर्ग ने बताया कि वह सुबह सात बजे से पैदल चल रहीं हैं। बेहद थक गई हैं। अब आगे जाने में असमर्थ हैं। थानाध्यक्ष ने मानवता का परिचय देते हुए बुजुर्ग महिला को अपने वाहन में बिठाया और 12 किमी दूर हरिनगरी तक छोड़ आए। बुजुर्ग महिला ने थानाध्यक्ष का आभार जताया और आशीर्वाद दिया। लोगों ने बैजनाथ पुलिस के इस कार्य की सराहना की है।