गरुड़ (बागेश्वर)। कत्यूर घाटी के लिए संचालित हेली सेवा बिना किसी पूर्व सूचना के रद्द हो गई। पूर्व से टिकट बुक कर चुके यात्रियों को अचानक से सेवा बाधित होने से सड़क मार्ग से यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ा। क्षेत्रवासियों ने हेली सेवा के प्रभावित होने पर आक्रोश जताया है।
मेलाडुंगरी हेलीपैड से रोजाना दो सेवाएं हल्द्वानी और दो देहरादून के लिए संचालित होती हैं। सुबह दून और हल्द्वानी से यात्रियों को लेकर हेलीकॉप्टर यहां पहुंचता है और यहां बुकिंग कराकर इंतजार कर रहे लोगों को लेकर उड़ान भरता है लेकिन सोमवार को हेलीकॉप्टर मेलाडुंगरी नहीं पहुंचा। हेलीपैड से जानकारी लेने पर हेली सेवा के रद्द होने की स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। हालांकि यात्रियों को कंपनी की तरफ से सुबह ही इसकी सूचना दे दी गई थी जिसके कारण नियत समय पर कोई यात्री हेलीपैड भी नहीं आया।
जिला पंचायत सदस्य बबलू नेगी, भास्कर बोरा, कौसानी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने बताया कि हेलीसेवा से क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों को काफी सुविधा मिल रही है। इस तरह से बिना पूर्व सूचना के हेलीसेवा बाधित होने से काफी परेशानी होती है। मांग की कि कंपनी को व्यवस्था में सुधार करते हुए उड़ानों की जानकारी समय पर उपलब्ध करानी चाहिए। हेरिटेज एविएशन के जनरल मैनेजर मनीष भंडारी से उड़ान बाधित होने की जानकारी के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन फोन नहीं उठाने से बात नहीं हो सकी।