बागेश्वर। जिले में रोजाना मौसम बदल रहा है। दोपहर तक धूप और शाम को बारिश होने से मौसम भी सुहावना बना हुआ है। रविवार को भी कपकोट और दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। जिला मुख्यालय में भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
रात को हुई बारिश के चलते रविवार की सुबह जिला मुख्यालय समेत घाटी वाले क्षेत्रों में कोहरा छाया था। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हुआ और धूप निकल आई। दोपहर तक मौसम सामान्य रहने के बाद कपकोट और दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र में बादल छाने लगे। अपराह्न तीन बजे से कपकोट और दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र में बारिश होने लगी। शाम तक क्षेत्र में जमकर बारिश होती रही। जिला मुख्यालय में भी पूरे दिन धूप निकलने के बाद शाम को बादल छाने से बारिश के आसार बने हुए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मौसम विभाग ने जिले में बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। संवाद