बागेश्वर। दुग-नाकुरी तहसील क्षेत्र में रविवार शाम करीब चार बजे अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। बारिश और झोंकेदारों हवा के कारण खेतों में कटाई के लिए तैयार धान की फसल भीग गई।
खेतों में काम कर रहे किसानों को अचानक आई बारिश के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तेज हवा चलने से कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूट गईं और धान के पौधे खेतों में बिछ गए।
किसान मोहन सिंह ने बताया कि इन दिनों धान की कटाई का सीजन चल रहा है। इस समय हुई बारिश से धान के पौधे जमीन पर गिरने से किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है। जिले में बारिश और भूस्खलन के कारण धैना-लखनी, जैंसर-रियूनी लखमार और कपकोट-पिंडारी ग्रामीण सड़कें अब भी आवाजाही के लिए बंद पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
बिजली गुल होने से 30 गांवों में जनजीवन प्रभावित
विजयपुर बिजली लाइन पर मरम्मत कार्य चलने के कारण कांडा और दुग-नाकुरी तहसील क्षेत्र के करीब 30 गांवों में लगातार छह घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लघु-कुटीर उद्योग, ऑनलाइन कामकाज और व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। मोबाइल चार्ज न होने तथा सीएससी संचालकों का काम ठप रहने से आम जनता को खासी दिक्कतों से जूझना पड़ा।
....कोट
विजयपुर विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी की शिकायत मिलने पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा था। सुरक्षात्मक दृष्टि से शटडाउन लिया गया था, जिस वजह से कांडा और दुग-नाकुरी क्षेत्र के कुछ गांवों में आपूर्ति बाधित रही। मरम्मत का कार्य पूर्ण होते ही देर शाम सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। - एसएस भंडारी, एसडीओ, ऊर्जा निगम, कपकोट