बागेश्वर। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाने के दावों के बीच नर्सिंग अधिकारियों की कमी से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। स्वीकृत पदों के सापेक्ष पर्याप्त तैनाती नहीं होने से वार्डों और आपातकालीन सेवाओं में मरीजों की देखभाल का काम प्रभावित हो रहा है। मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का दबाव बना हुआ है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी के सात पद स्वीकृत हैं। इनमें से तीन पदों पर ही तैनाती है, जबकि चार पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसी तरह नर्सिंग अधिकारी के 41 स्वीकृत पदों में 36 पर कर्मचारी कार्यरत हैं और पांच पद खाली हैं।
नर्सिंग अधिकारियों की कमी का असर रात्रिकालीन सेवाओं, आपातकालीन वार्ड और सामान्य वार्डों में मरीजों की नियमित देखभाल पर पड़ रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मरीजों के तीमारदारों ने शासन-प्रशासन से रिक्त पदों पर जल्द तैनाती की मांग की है।
कोट
जिला अस्पताल में नर्सिंग अधिकारियों और वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों के रिक्त पदों की जानकारी से उच्च अधिकारियों और शासन को अवगत कराया जा चुका है। खाली पदों पर जल्द नियुक्ति और समायोजन के लिए निरंतर पत्राचार किया जा रहा है। उपलब्ध संसाधनों और स्टाफ के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
-डॉ. आदित्य कुमार तिवारी, सीएमओ, बागेश्वर
.....