बागेश्वर। जिले में स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मंगलवार से कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। जिला चिकित्सालय और सीएमओ कार्यालय में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा।
प्रथम चरण में 2190 कार्मिकों को टीका लगा था। इस हिसाब से जिले में पहले चरण में 81 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। इसमें नौ प्रतिशत लोगों को बीमार रहने के कारण टीका नहीं लगाया गया। दस प्रतिशत लोग अनुपस्थित रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों को मंगलवार से कोरोना का दूसरा टीका लगेगा।
16 और 18 जनवरी को पहले चरण में जिन्हें टीका लगा था उन्हें दूसरा टीका लगाया जाएगा। सुबह नौ बजे से जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों में टीकाकरण शुरू होगा। पहले दिन इन दो केंद्रों में 284 कार्मिकों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों से दूसरी डोज अवश्य लगवाने की अपील की है।