बागेश्वर। जिले में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम की मार और जंगलों की आग का धुआं बीमारी का कारण बन रहा है। जिला अस्पताल में जांच कराने वालों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को 398 लोगों ने ओपीडी में जांच कराई। अधिकतर मरीज पेट संबंधी परेशानी और धुएं से होने वाली बीमारी से पीड़ित थे।
जिला मुख्यालय समेत घाटी वाले क्षेत्रों में धुआं फैलने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। तापमान और धुएं का असर लोगों की सेहत पर भी दिख रहा है। जिला अस्पताल में जांच कराने वाले मरीजों में डायरिया, खांसी, सांस की तकलीफ, आंखों में जलन, एलर्जी, सर्दी, जुकाम औ बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। डाक्टर लोगों को गर्मी से बचाव, खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दे रहे हैं।
सीएमएस डॉ. वीके टम्टा ने बताया कि लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे मौसम में लोगों को गर्मी से बचाव करना होगा। खाने में अधिक ठंडे खाद्य पदार्थों के प्रयोग से भी बचना होगा। संतुलित खानपान और संयमित दिनचर्या से ही बीमारियों से बचा जा सकेगा। बीमारी होने पर चिकित्सक की सलाह लेना जरूरी है।