बागेश्वर। जिला अस्पताल में अवकाश के चलते दो दिन से ओपीडी बंद है। सोमवार को आपातकालीन कक्ष में उपचार कराने के लिए आए रोगियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अचानक भीड़ बढ़ने से रोगियों, तीमारदारों के साथ-साथ अस्पताल प्रबंधन को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम में बदलाव के कारण जिला अस्पताल में वायरल फीवर और पेट दर्द , जुकाम, बुखार के रोगियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।रविवार को साप्ताहिक और सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवकाश के चलते जिले अस्पताल में ओपीडी का संचालन नहीं हो पाया। इस कारण जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के साथ गढ़वाल के चमोली और पिथौरागढ़ जिले के सीमा से लगे गांवों के लोग बड़ी संख्या में उपचार को पहुंचे। आपातकालीन कक्ष में उपचार कर रहे डॉ. डीपी शुक्ला ने बताया कि सोमवार को 116 मरीजों का उपचार किया गया। सीएमएस डॉ. एएम शर्मा ने बताया कि दो दिनों से अवकाश होने के चलते अस्पताल में आने वाले मरीजों का इमरजेंसी में उपचार किया गया मंगलवार को ओपीडी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
चिकित्सक की सलाह के बगैर न ले दवा
चिकित्सकों ने वायरल फीवर या अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने पर लोगों से तुरंत अस्पताल आने को कहा है। उन्होंने रोगियों से बिना चिकित्सक की सलाह के बगैर दवा न लेने और पानी को उबालकर पीने, फलों को धोकर खाने और बदलते मौसम में बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। संवाद
अल्मोड़ा में पहुंचे 40 रोगीअल्मोड़ा। जिला अस्पताल में बुद्ध पूर्णिमा के अवकाश के चलते ओपीडी बंद रही। अस्पताल में सोमवार को इमरजेंसी में 40 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि इमरजेंसी में 30 से अधिक मरीज बुखार, सर्दी, जुकाम, खांसी की शिकायत लेकर आए हैं। बताया कि मौसम परिवर्तन के कारण सबसे ज्यादा बच्चे व बुजुर्ग प्रभावित हो रहे हैं। संवाद