बागेश्वर। दो दिन की छुट्टी के बाद खुली जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 560 मरीज पहुंचे। लंबे समय से नियमित हुई अल्ट्रासाउंड की सेवा का 42 लोगों ने लाभ लिया। अधिकतर मरीज वायरल बुखार, पेट दर्द और अन्य शिकायतें लेकर पहुंचे चिकित्सकों ने मरीजों का इलाज कर सलाह दी।
जिले में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। शनिवार को ईद-उल-जुहा और रविवार की छुट्टी के बाद जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ। सुबह से ही पर्ची काउंटर में लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई।
एक ही पर्ची काउंटर होने से लोगों को लाइन में घंटों इंतजार करना पड़ा। चिकित्सकों ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें सलाह और दवाएं दीं। अवकाश पर गए रेडियोलॉजिस्ट डॉ. कुमार अमित ने जिला अस्पताल में सेवा देना शुरू कर दिया है। अब गर्भवतियों के अलावा अन्य मरीजों को भी अल्ट्रासाउंड की सेवा का लाभ मिलने लगा है।