बागेश्वर। प्रदेश को 2024 तक टीबी मुक्त बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। जिले में क्षय रोग जागरूकता को बढ़ाने और टीबी मरीजों को बेहतर सुविधा दिलाने के लिए विभाग निक्षय मित्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहा है। वर्तमान में जिले में 146 लोग निक्षय मित्र बन चुके हैं।
जिले में टीबी के सक्रिय मरीजों की संख्या 206 है। इनमें 118 मरीजों को निक्षय मित्रों की सेवा मिल रही है। 88 मरीजों ने निक्षय मित्र की सेवा लेने या अपना नाम उजागर करने से इनकार किया है। इसके चलते उन्हें निक्षय मित्र गोद नहीं ले सकते हैं।
मंगलवार को हरसीला में विभाग की ओर से शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टीबी मरीजों के बीपी, शुगर और वजन की जांच की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष/ निक्षय मित्र बसंती देव ने एक टीबी मरीज को पोषण किट बांटी। उन्होंने कहा कि हर सामर्थ्यवान को निक्षय मित्र बनकर टीबी को समूल नष्ट करने के लिए योगदान देना चाहिए।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हरीश पोखरिया ने बताया कि विभाग अधिक से अधिक निक्षय मित्र बनाएगा। 500 निक्षय मित्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। निक्षय मित्र एक या अधिक टीबी मरीज को गोद लेकर ठीक होने तक उसे पोषण किट उपलब्ध कराते हैं। अधिक निक्षय मित्र बनेंगे तो टीबी मरीजों को इलाज कराने के लिए जागरूक करने में मदद मिलेगी।