बागेश्वर। पिंडर घाटी के बदियाकोट गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से स्वास्थ्य और जागरूकता शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में 35 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में जिला विधिक प्राधिकरण की सचिव अनीता कुमारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को प्राधिकरण के क्रियाकलाप बताए। उन्हें निशुल्क कानूनी सहायता, नालसा हेल्पलाइन 15100, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, ड्रग्स के सेवन से होने वाले दुष्परिणाम और मोटर वाहन अधिनियम की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों का स्वास्थ्य जांचा और चार मरीजों की रक्त जांच की। समाज कल्याण विभाग ने तीन-तीन वरिष्ठ नागरिकों को छड़ी और कान की मशीन प्रदान की। पुलिस ने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, एनडीपीएस अधिनियम आदि के बारे में बताया।