मेहनरबूंगा ग्राम पंचायत के अनेक घरों के ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। इससे गांव में खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर लाइन शीघ्र शिफ्ट करने की मांग की है। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को दिए ज्ञापन में मेहनरबूंगा के ग्रामीणों ने कहा है कि गांव के अनेक लोगाें के घरों की छत और खेतों से बिजली की हाइटेंशन लाइन की दूरी महज 10 फीट ही है।
करंट लगने के भय से लोग न तोे छत पर जा पा रहे हैं और खेतों में ही काम कर पा रहे हैं। तारों को शीघ्र हटाने के लिए अब तक कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने ईई से लाइन शीघ्र अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की है। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान जयंती देवी, पूर्व प्रधान रमेश राज, सरपंच ओम प्रकाश और घनश्याम राम आदि शामिल हैं। ग्राम प्रधान ने सीडीओ को दिए एक अन्य ज्ञापन में गांव के मकानविहीन 12 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शीघ्र मकान देने की मांग की है।