हरिद्वार के एक इंस्टीट्यूट ने दूसरी संस्थाओं में पढ़ रहे एससी के 60 छात्रों का फर्जी प्रवेश दिखाकर समाज कल्याण विभाग से लाखों की छात्रवृत्ति हड़प ली।
स्थानीय सरकारी संस्थानों में अध्ययन कर रहे कुछ छात्रों के अनुसार एक युवक ने उनको बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से एससी छात्रों के लिए योजना शुरू हुई है।
इसमें विज्ञान से इंटर पास छात्राओं को 50 हजार और छात्रों को 25 हजार रुपये मिलेंगे। तकरीबन 60 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षण प्रमाणपत्र, अंकतालिका, मूल निवास प्रमाण पत्र, एससी जाति प्रमाण पत्रों की मूल प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी और फोटो लेकर उक्त युवक को दे दिया।
पिछले दिनों एक छात्र को समाज कल्याण विभाग से छात्रवृत्ति आने की सूचना मिली। वह छात्रवृत्ति ले आया। बाकी छात्रों को पता करने पर मालूम हुआ कि उनके नाम की छात्रवृत्ति हरिद्वार के एक इंस्टीट्यूट में जा रही है।
उनको उस संस्थान का नियमित छात्र दिखाकर समाज कल्याण विभाग से लाखों रुपये हड़पे जा रहे हैं। छात्रों ने इस बारे में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।