बागेश्वर। पहाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी और पशुपालन के पारंपरिक तौर-तरीके अब तेजी से बदलने लगे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच पशुओं के लिए चारा पत्ती जुटाना और खेतों की घास काटना हमेशा से महिलाओं के लिए एक चुनौती भरा काम रहा है। लेकिन इस साल बाजारों में आई आधुनिक हैंड ग्रास कटर ने महिलाओं की इस वर्षों पुरानी मशक्कत को काफी हद तक आसान बना दिया है। यही वजह है कि जिला मुख्यालय और आसपास के बाजारों में इन मशीनों की मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।
मुख्य व्यापारी, सचिन कठायत ने बताया कि पारंपरिक दरांती के मुकाबले यह मशीन न केवल समय की बचत कर रही है, बल्कि महिलाओं को शारीरिक थकान और जोखिम से भी राहत दिला रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इन मशीनों की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं, जिससे इलेक्ट्रॉनिक और कृषि उपकरण विक्रेताओं के चेहरे खिले हुए हैं।
इस बार ग्रामीण क्षेत्रों से किसान और विशेषकर महिलाएं हैंड ग्रास कटर की भारी मांग कर रही हैं। मशीन की उपयोगिता को देखते हुए इसकी बिक्री में अचानक काफी इजाफा हुआ है। हमारे पास उपलब्ध स्टॉक लगभग समाप्त हो चुका है और ग्राहकों की मांग को पूरा करने के लिए जल्द ही नया स्टॉक मंगाया जा रहा है।