कपकोट ब्लाक के ऊंचाई व ाले कई गांवों में शुक्रवार रात तक एक से डेढ़ फुट तक बर्फ पड़ गई है। बर्फ से ढंके गांवों में लोगों की दुश्वारियां काफी बढ़ गई हैं। इन गांवों को जोड़ने वाली सड़कें बंद हैं। पीने के पानी की लाइनें बंद पड़ी हैं। बिजली व संचार सेवा ठप पड़ी हुई है।
बर्फबारी से रिखाड़ी-बाछम-बदियाकोट, झोप्ड़ा-शामा, शामा-तेजम और शामा-लीती-गोगिना सड़क बंद हो गई हैं। सड़कों में तीन दर्जन से भी अधिक छोटे बड़े वाहन फंसे हुए हैं। क्षेत्र में फल, दूध और सब्जियों का संकट गहराने लगा है। इधर पिंडारी सड़क पर हरसीला के समीप पहाड़ी खिसकने से दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। दो दिन और रात हुई बारिश और बर्फबारी से अब समूचे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बारिश के चलते सरयू और गोमती का पानी भी मटमैला हो गया है।
बागेश्वर जिले में शुक्रवार शाम तेज गरज के साथ जमकर बारिश हुई। कपकोट ब्लाक के मल्ला और विचल्ला दानपुर के गांव बर्फ से ढक गए हैं। इन गांवों को जोड़ने वाली सड़कें और पगडंडियां बर्फ की चपेट में हैं। सड़कों और पैदल रास्तों के बंद होने से ग्रामीणों का गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। 21 जनवरी से शुक्रवार तक क्षेत्र में कुल छह बार भारी बर्फ हो चुकी है। गांवों में लोगों को फल, दूध और सब्जियां का संकट बना हुआ है।
रिखाडी-बाछम-शामा, शामा-लीती गोगिना सड़कें बंद
बागेश्वर। पिंडारी सड़क के हरसीला के समीप पहाड़ी खिसकने से सड़क पर दो घंटे तक आवागमन ठप रहा। बाद ने लोनिवि कपकोट ने जेसीबी लगाकर सड़क खोली।
बर्फ से लकदक गांव
क्षेत्र में खाती, बाछम, सोराग, किलपारा, कालो, बदियाकोट, बोरबलड़ा, कुंवारी, तीख, धूर, उगियां, झूनी, खल्झूनी, मिकिला खल्पट्टा, हरकोट, धुरकोट, चौड़ा, पेठी, कर्मी, बघर, तोली, ढोक्टीगांव, कीमू, गोगिना, रातिर केठी, हाम्टीकापड़ी, लीती, शामा, रमाड़ी, बड़ी नाली पन्याली और झोपड़ा आदि गांव बर्फ से ढके हैं। इनमें एक से दो फीट तक बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है।
कोट
कपकोट के उच्च हिमालयी क्षेत्र के बर्फ से ढके गांवों से किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। पीएमजीएसवाई और लोनिवि को सड़कों को जल्द खोलने, ऊर्जा निगम को बिजली और बीएसएनएल को संचार सेवा जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं। -रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी बागेश्वर।
नदियों का जलस्तर
सरयू 865.30 मीटर
गोमती 862.35 मीटर
-कहां कितनी बारिश हुई
बागेश्वर ब्लाक 15 एमएम
गरुड़ 17.50 एमएम
कपकोट 17.50 एमएम