groom home quarantined, marriage will take place after his recovery from covid19
बागेश्वर/गरुड़। गरुड़ विकासखंड के एक गांव के युवक का विवाह कोरोना संक्रमित होने की वजह से टल गया है। युवक को तीन दिन के लिए जिला मुख्यालय के कोविड केयर सेंटर में रखने के बाद सोमवार को उसे होम आईसोलेट कर दिया गया।
गरुड़ के एक गांव के युवक की सोमवार 23 नवंबर को कांडा तहसील के एक गांव में बरात जानी थी। दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां पूरी हो गई थीं। मुंबई की निजी कंपनी में काम करने वाला युवक कुछ दिन पूर्व ही घर लौटा था। बीते 20 नवंबर को उसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे कोविड केयर सेंटर ले आई थी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीके सक्सेना ने बताया कि युवक में सामान्य लक्षण मिलने पर सोमवार को उसे होम आइसोलेट कर दिया गया। उस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार नजर रखेगी। कोविड केयर सेंटर के प्रभारी डॉ. नसीम ने बताया सामान्य सिमटम पाए जाने पर मरीज को होम आइसोलेशन करने का नियम है।
उधर, संक्रमित युवक की ग्राम पंचायत के प्रधान ने अमर उजाला से हुई बातचीत में बताया कि युवक का विवाह फिलहाल टल गया है। युवक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखता है। विवाह की तैयारियां हो गई थीं। विवाह टलने से परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। दूल्हे के पिता ने बताया कि शादी की तिथि शीघ्र तय की जाएगी। बैजनाथ सीएचसी प्रभारी एसएस गुंज्याल ने बताया कि दूल्हे के परिजनों के भी जल्द सैंपल लिए जाएंगे। संवाद