बागेश्वर में एडीएम को ज्ञापन देते व्यापारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी में हो रहे बदलावों के विरोध में प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कानून को सरल बनाने की मांग की है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बबलू नेगी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी कानून को गुड्स एंड सर्विस टैक्स कहकर लागू किया था। उम्मीद दी थी कि व्यापारियों को कर जमा करने में आसानी होगी लेकिन कानून लागू होने के बाद से इसमें निरंतर बदलाव किए जा रहे हैं।
जिला महामंत्री अनिल कार्की ने बताया कि अब तक करीब 900 बदलाव किए जा चुके हैं। कोरोना महामारी ने व्यापारियों की पहले से ही कमर तोड़ रखी है उसपर गुड्स पेनाल्टी को 200 प्रतिशत कर सरकार ने व्यापारियों पर एक और चोट की है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री से जीएसटी को सरल बनाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष हरीश सोनी, प्रदेश मंत्री मनीष जखवाल, नवीन साह, देव अधिकारी, भगवत टंगड़िया आदि थे।