बागेश्वर में नव निर्वाचित ब्लाक प्रमुख गोपा धपोला को प्रमाण पत्र देती डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस की गोपा धपोला बागेश्वर ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने सोमवार को उप चुनाव में भाजपा की नीमा धपोला को 13 मतों से पराजित किया। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु व रिटर्निंग अधिकारी राकेश तिवारी ने विजेता गोपा को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। जीत के बाद कांग्रेस ने नगर में आतिशबाजी की और विजय जुलूस निकाला।
बागेश्वर के रिक्त ब्लाक प्रमुख के पद पर सोमवार को मतदान और मतगणना हुई। मतदान में सभी 35 सदस्यों ने हिस्सा लिया। मतगणना में 31 मत वैध तथा चार मत अवैध पाये गए। प्रमुख पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी गोपा धपोला को 22 और भाजपा की नीमा धपोला को नौ वोट मिले। निर्वाचन आयोग ने गोपा धपोला को 13 मतों से विजेता घोषित करते हुए जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
मतगणना में सीडीओ एसएसएस पांगती, डीडीओ केएन तिवारी, डीएसओ अरुण वर्मा, डीपीआरओ पूनम पाठक तहसीलदार मैनपाल सिंह आदि थे। जीत के बाद कांग्रेसियों ने आतिशबाजी की और ढोल नगाड़ों के साथ नगर जुलूस निकाला। जुलूस में जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, कांग्रेेस जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व प्रमुख राजेंद्र टंगड़िया, पूर्व पालिकाध्यक्ष गीता रावल, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख सुनीता टम्टा, विरेंद्र नगरकोटी, महेश कांडपाल, नगर अध्यक्ष धीरज कोरंगा, भगत रावल, देवेंद्र परिहार, ललित बिष्ट आदि थे।