गोमती और बैजनाथ बैराज भीषण गर्मी से सूखी
- फोटो : अमर उजाला
भीषण गर्मी और बारिश न होने से गोमती सूखने की कगार पर है। नदी का जलस्तर काफी कम होने से 15 करोड़ रुपये की लागत से बना बैजनाथ बैराज पानी के बैगर सूखा पड़ गया है। बैराज में पानी नहीं देख पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। लघुडाल की पंपिंग योजनाएं ठप पड़ी है।
तहसील क्षेत्र में आज तक मानसून नहीं बरसे है। गोमती नदी का उद्गम स्थल (गौमुख) अंग्यारी महादेव है। मजकोट के सरपंच कैलाश पुरी ने बताया कि भीषण गर्मी से गौमुख में पानी काफी कम हो गया है। इधर नदी में पानी नहीं होने से सिंचाई विभाग की नहरों में पानी नहीं चढ़ पा रहा है। सिंचाई विभाग के एई एससी सती ने बताया कि गोमती का जल स्तर वर्तमान में सात क्यूसेक है।
नदी का जलस्तर जुलाई माह में इतना कम कभी नहीं रहा। भीषण गर्मी के चलते विकास खंड की सभी सिंचाई पंपिंग योजनाएं बंद हो गई है। मेलाडुंगरी, चनोली, पुरुड़ा आदि गांवों के काश्तकार आज तक धान की रोपाई नहीं कर पाए हैं।