फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar News: जेवर सफाई के नाम पर सोने की चोरी, आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
कपकोट (बागेश्वर)। क्षेत्र में जेवर की सफाई करने के नाम पर एक फेरी वाले ने महिला को झांसे में लेकर आभूषण ले लिए। जेवर सफाई के दौरान ठगी का शक होने पर महिला के पति ने कपकोट थाने में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन

कपकोट थाने के एसओ खुशवंत सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम पीड़ित हरीश चंद्र निवासी मल्लाफेर ने थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि एक व्यक्ति सोने-चांदी के जेवरों की साफ-सफाई के बहाने उनके घर में पहुंचा। उसने उसकी पत्नी को विश्वास में लेकर कुंडल ले लिए।
आरोप है कि फेरीवाले ने आभूषणों को एक केमिकल में डाला जिससे जेवर का काफी हिस्सा केमिकल में गला कर गायब कर दिया। तहरीर के आधार पर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
विज्ञापन

टीम ने छोटू कुमार साहू (21) निवासी जमुनिया, जिला भागलपुर, बिहार को देर रात कपकोट के सरयू पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से आभूषण का गलाया हुआ 0.85 ग्राम सोने का टुकड़ा और जेवर साफ करने में प्रयुक्त केमिकल, कास्टिक सोडा, डीजल, पाउडर, हल्दी, नीबू, सोडा का मिश्रित पानी, प्लास्टिक के कटोरे आदि बरामद किए।

इस तरह आभूषणों से करता था सोने की चोरी
एसओ खुशवंत सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपी ने आभूषण से सोने की चोरी करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। आरोपी गले हुए सोने को केमिकल से अलग करने के लिए एक खाली कटोरे में कॉपर का छल्ला डालकर उसमें गले हुए सोने का केमिकल वाला पानी डालता है। रंगीन कास्टिक सोडा डालकर उसे करीब 15-20 मिनट ढक कर रख देता है। 15-20 मिनट बाद गला हुआ सोना काॅपर के छल्ले पर चिपक जाता है। उसे दूसरे कटोरे में गर्म कर शुद्ध सोना अलग कर लेता था।

कोट
कपकोट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जिला न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया है। लोगों से अपील है कि अनजान लोगों से बहुमूल्य वस्तुओं का आदान-प्रदान न करें। अनजान लोगों की सूचना अपने नजदीकी थाने में दें। - चंद्रशेखर आर घोड़के, एसपी, बागेश्वर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें