नौ से 15 मार्च तक मनाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। जिला स्वास्थ्य विभाग नौ से 15 मार्च तक ''''भविष्य को स्पष्ट रूप से देखना'''' थीम पर ग्लूकोमा सप्ताह मनाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ग्लूकोमा (काला मोतिया) के मरीजों की पहचान करेंगे। पुष्टि होने पर मरीजों को जिला अस्पताल में निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी।
आशा कार्यकर्ता, एएनएम और सीएचओ गांव-गांव जाकर लोगों की नेत्र जांच करेंगे। संदिग्ध मामलों में मरीजों को पीएचसी और सीएचसी में रेफर किया जाएगा। ग्लूकोमा की पुष्टि होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा जाएगा।
जागरूकता बढ़ाने के लिए रैलियां, सोशल मीडिया अभियान, गैर-सरकारी संगठनों की भागीदारी और अस्पतालों में बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. आदित्य कुमार तिवारी ने बताया कि समय पर इलाज और नियमित जांच से ग्लूकोमा से होने वाली अंधता को रोका जा सकता है। स्वास्थ्य कर्मियों को गतिविधियों की रिपोर्ट और फोटो सीएमओ कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।