बागेश्वर। लंबे समय से बदहाली की मार झेल रहे घिंघारुतोला-देवली मोटर मार्ग के सुधारीकरण की दिशा में लोनिवि ने ठोस कदम उठाया है। मार्ग के किलोमीटर एक से किलोमीटर तीन तक सुधारीकरण और पैचवर्क कार्य के लिए आठ लाख रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। लोनिवि कपकोट ने प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति की प्रत्याशा में टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे जल्द काम शुरू होने की उम्मीद जग गई है।
घिंघारुतोला-देवली मोटर मार्ग क्षेत्र की दर्जनों ग्रामीण आबादी को जिला मुख्यालय और स्थानीय बाजारों से जोड़ने वाली मुख्य लाइफलाइन है। सड़क के शुरुआती तीन किलोमीटर के हिस्से में जगह-जगह गड्ढे बनने और सोलिंग उखड़ने से स्थानीय ग्रामीणों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के बाद सड़क की हालत और खस्ता हो गई थी। विभाग की ओर से त्वरित संज्ञान लेते हुए सड़क के सुधारीकरण के लिए आठ लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। औपचारिक स्वीकृतियों में समय लगने के कारण निर्माण कार्य में देरी न हो, इसके लिए लोनिवि ने अग्रिम टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही और बजट आवंटन के साथ ही धरातल पर काम शुरू करा दिया जाएगा, जिससे देवली व आसपास के ग्रामीणों को गड्ढा मुक्त सड़क नसीब हो सकेगी।
कोट
घिंघारुतोला-देवली मोटर मार्ग के किमी एक से तीन तक सुधारीकरण कार्य के लिए आठ लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए कार्य स्वीकृति की प्रत्याशा में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि औपचारिकताएं पूरी होते ही काम तत्काल प्रारंभ कराया जा सके। - अमित कुमार पटेल, ईई लोनिवि कपकोट